
### मिर्जापुर में जुआ खेलते 13 लोग गिरफ्तार, 24 का शांति भंग में चालान
जिगना और कटरा पुलिस ने दो स्थानों पर की कार्रवाई, 11,665 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद
मीरजापुर। जनपद में अपराधियों और जुआरियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने जिगना और कटरा थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर जुआ खेल रहे 13 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 11,665 रुपये नकद और 52-52 ताश के पत्ते बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, थाना जिगना क्षेत्र में उपनिरीक्षक कृपा शंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए छह लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। इनके पास से 3,450 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए। इस मामले में जिगना थाने में मुकदमा अपराध संख्या 270/2026 धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं, थाना कोतवाली कटरा क्षेत्र के बहेलिया की गली में राजेश कबाड़ी के सामने पुलिस ने छापेमारी कर सात लोगों को गिरफ्तार किया। उपनिरीक्षक मेराज अली के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8,215 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। इस संबंध में कटरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 335/2026 धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके अतिरिक्त चिल्ह पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में 24 व्यक्तियों का भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत चालान भी किया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान जारी है।















