
मिर्जापुर में इस बार जमकर हुई आतिशबाजी, देर रात तक गूंजते रहे पटाखे; रोशनी से जगमगाया जिला
**मिठाई, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों, चीनी के खिलौनों, नून-खटाई और रेवड़ी की दुकानों पर रही भीड़, बाजारों में दिखा दीपावली का उत्साह**
मीरजापुर। दीपावली का पर्व इस बार मीरजापुर में बेहद धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। लोगों की मानें तो इस वर्ष पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक पटाखे जलाए गए। शाम ढलते ही जिले भर में दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी की छटा बिखरने लगी। घरों, प्रतिष्ठानों और बाजारों की आकर्षक सजावट से पूरा माहौल रोशनी से नहा उठा।
दीपावली पर खरीदारी को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। मिठाइयों की दुकानों पर जहां देर तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही, वहीं गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों, चीनी से बने खिलौनों, नून-खटाई और रेवड़ी की दुकानों पर भी खूब खरीदारी हुई। परंपरागत मिठाइयों और दीपावली से जुड़ी पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही।
रात होते ही आतिशबाजी का दौर शुरू हुआ तो देर रात तक थमने का नाम नहीं लिया। आसमान में एक के बाद एक रॉकेट छोड़े गए। रंग-बिरंगी आतिशबाजी, तेज आवाज वाले बम और पटाखों की गूंज पूरी रात सुनाई देती रही। कई इलाकों में लगातार हो रही आतिशबाजी से ऐसा लगा मानो पूरा जिला दीपावली के जश्न में डूबा हो।
लोगों के बीच इस बार दीपावली की रौनक और आतिशबाजी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। घरों में पूजा-अर्चना के बाद परिवार और बच्चों ने मिलकर पर्व की खुशियां मनाईं। कुल मिलाकर रोशनी, मिठास, लाई लावा चूड़ा खरीदारी और नॉनस्टॉप आतिशबाजी के बीच मीरजापुर में इस बार दीपावली का उत्सव यादगार अंदाज में मनाया गया।















