
मिर्जापुर में पुलिस का अभियान तेज, नाबालिग को भगाने का आरोपी गिरफ्तार, 25 लोगों का चालान
हलिया पुलिस ने गुलाब तिराहे के पास से दबोचा आरोपी, लालगंज पुलिस ने वारंटी को भी पकड़ा
मिर्जापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मिर्जापुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को हलिया पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं लालगंज पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में जिले के विभिन्न थानों की पुलिस ने 25 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, थाना हलिया क्षेत्र की एक महिला ने 29 अक्टूबर को अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में नामजद आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने पहले ही अपहृता को बरामद कर लिया था। मंगलवार को उपनिरीक्षक सुरेंद्र राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुलाब तिराहे के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया।
वहीं थाना लालगंज पुलिस ने अभियान के तहत एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
25 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई
जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135 के तहत कुल 25 व्यक्तियों का चालान किया गया। इसमें कोतवाली शहर से एक, विंध्याचल से चार, कोतवाली देहात से आठ, लालगंज से चार, हलिया से छह, चुनार से एक तथा जमालपुर से एक व्यक्ति शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराधियों की गिरफ्तारी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।















