
# दिव्या मित्तल बेहद अच्छी और सुलझी हुई अधिकारी थीं, उन्हें मौका मिलना चाहिए : आशुतोष सिन्हा
**राजनीति में आने के बाद उनकी भूमिका पर कुछ नहीं कह सकते, बोले सपा के वरिष्ठ नेता एवं लगातार दूसरी बार निर्वाचित स्नातक एमएलसी**
मीरजापुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार एमएलसी निर्वाचित आशुतोष सिन्हा ने पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि दिव्या मित्तल बेशक बहुत अच्छी और सुलझी हुई अधिकारी थीं। उन्हें मौका मिलना चाहिए। हालांकि अब वह राजनीति में आ गई हैं, इसलिए उनकी राजनीतिक भूमिका के बारे में वह कुछ नहीं कह सकते।
आशुतोष सिन्हा मीरजापुर में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उनसे पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल को लेकर सवाल किया गया था। जवाब में उन्होंने दिव्या मित्तल के प्रशासनिक कार्यकाल और व्यक्तित्व की तारीफ करते हुए उन्हें एक अच्छी और सुलझी हुई अधिकारी बताया।
इस दौरान एमएलसी आशुतोष सिन्हा के चुनाव के दौरान मीरजापुर नगर प्रभारी रिजवान अहमद की ओर से कतित शरीफ में मांगी गई मन्नत भी पूरी हुई। उन्होंने आशुतोष सिन्हा की जीत पर चादर चढ़ाने की मन्नत मांगी थी। लगातार दूसरी बार स्नातक एमएलसी का चुनाव जीतने के बाद आशुतोष सिन्हा के साथ पहुंचकर उन्होंने अपनी मन्नत के मुताबिक चादर चढ़ाई। इस अवसर पर समर्थक भी मौजूद रहे।















