
### मीरजापुर में अवैध असलहा तस्करी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार; भारी मात्रा में हथियार बरामद

विन्ध्याचल पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त कार्रवाई, तीसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
मीरजापुर। जनपद में अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विन्ध्याचल पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम ने दो असलहा तस्करों को पकड़कर उनके कब्जे से विभिन्न बोर के हथियार, कारतूस और चाकू बरामद किए हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराधियों और अवैध शस्त्रों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर की रात मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने देवरहा बाबा आश्रम स्थित तालाब के सामने जंगल की ओर जाने वाली कच्ची सड़क, ग्राम बघरा तिवारी के पास घेराबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार कैश खान (35), निवासी चितावनपुर, कोतवाली देहात तथा रमजान (19), निवासी राजाबारी भागदेवर, बघरा तिवारी, थाना विन्ध्याचल को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
### तीन तरह के हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 12 बोर की एक गन, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस, 303 बोर की एक अद्धी व एक जिंदा कारतूस, 315 बोर का एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और एक ग्लैमर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
### 30 से 50 हजार रुपये में बेचते थे पिस्टल
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उनका तीन सदस्यीय गिरोह अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करता था। गिरोह में वे दोनों हथियार लाने और बेचने का काम करते थे, जबकि तीसरा सदस्य असलहों की खरीद करता था। आरोपियों के मुताबिक, एक पिस्टल 30 से 50 हजार रुपये तथा एक गन 10 से 15 हजार रुपये में बेचते थे। हथियारों की बिक्री से मिलने वाली रकम तीनों आपस में बांटकर खर्च करते थे।
### मुकदमा दर्ज, जेल भेजने की तैयारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना विन्ध्याचल में मु0अ0सं0 322/2026, धारा 3/7/25/4 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद मोटरसाइकिल के वैध कागजात नहीं प्रस्तुत किए जाने पर उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार कैश खान का पूर्व में भी कई मुकदमों में आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी/सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, विन्ध्याचल थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह तथा उपनिरीक्षक अखिलेश्वर सिंह यादव, विजयशंकर तिवारी, सुरेन्द्र बहादुर सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही।















