गौशाला की जमीन पर कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष, जानलेवा हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार

गौशाला की जमीन पर कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष, जानलेवा हमले के तीन आरोपी गिरफ्तार

मीरजापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के बरौधा में गौशाला की जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, बरौधा निवासी शिवाकांत तिवारी ने 19 नवंबर को कटरा कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने एकराय होकर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से लैस होकर उनकी गौशाला की जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उनके भाइयों रमाकांत तिवारी व श्रीकांत तिवारी उर्फ बब्बू पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए मंडलीय चिकित्सालय से ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शुक्रवार को कटरा कोतवाली पुलिस ने अनुप , अनुज और अभिषेक निवासी बरौधा पंडितान बस्ती को गिरफ्तार कर लिया।

शांति भंग में 24 लोगों का चालान

जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से 24 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई की। इसमें संत नगर थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 12, जिगना से तीन, कोतवाली देहात से तीन तथा शहर, विंध्याचल, कछवां, हलिया, चुनार और अदलहाट से एक-एक व्यक्ति का चालान किया गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें