
जिलाधिकारी और एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बंदियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने शनिवार को संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बंदियों के रहने की व्यवस्था तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुरुष एवं महिला बैरकों का निरीक्षण कर बंदियों के रहने, पेयजल, भोजन और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही कारागार परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करते हुए बंदियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कारागार में निरुद्ध बंदियों के मानवाधिकारों एवं उनकी मूलभूत आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्हें गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समय से निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा उपकरणों, निगरानी व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा मानकों की स्थिति परखी। संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा प्रबंधों को प्रभावी बनाए रखने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सहित कारागार के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।















