पिकअप में क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे तीन गोवंश बरामद, चार गो-तस्कर गिरफ्तार

### पिकअप में क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे तीन गोवंश बरामद, चार गो-तस्कर गिरफ्तार

मीरजापुर। कोतवाली देहात पुलिस ने गो-तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बरकछा स्थित बीएचयू गेट के पास से तीन गोवंश बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गोवंशों को पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक बांधकर वध के लिए ले जाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली देहात पुलिस टीम ने बरकछा बीएचयू गेट के पास घेराबंदी कर पिकअप वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से तीन गोवंश बरामद हुए। मौके से मनोज चौधरी निवासी झारखंड, इन्देश कुमार मिश्रा और लवकुश यादव निवासी प्रयागराज तथा सूर्य कुमार निवासी मुजेहरा कला, मीरजापुर को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20,500 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा एक पिकअप वाहन और दो मोटरसाइकिल भी कब्जे में लेकर सीज की गई हैं।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ छुट्टा गोवंशों को पकड़कर पिकअप में लादते थे और झारखंड के गढ़वा जिले के मुड़ी समर ले जाते थे। वहां गोवंशों को एकत्र करने के बाद बड़े वाहनों से वध के लिए पश्चिम बंगाल भेजा जाता था। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए पशु खरीदारी की रसीद और परिवहन संबंधी फर्जी दस्तावेज तैयार करने की बात भी स्वीकार की है।

इस मामले में कोतवाली देहात थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भरत उपाध्याय और कोतवाली देहात की पुलिस टीम शामिल रही।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें