
संविधान दिवस पर पुलिसकर्मियों ने ली राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ
मीरजापुर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस कार्यालय मीरजापुर में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि 26 नवंबर 1949 का दिन आजाद भारत के इतिहास में ऐतिहासिक महत्व रखता है। इसी दिन भारतीय संविधान बनकर तैयार हुआ था और इसे अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान और जागरूकता की भावना को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर सहित पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में पुलिस लाइन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने क्षेत्राधिकारी प्रज्ञान एवं प्रतिसार निरीक्षक के साथ पुलिसकर्मियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। जनपद के सभी थानों एवं चौकियों पर भी संबंधित प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों द्वारा पुलिसकर्मियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए शपथ दिलाई गई।















