मेडिकल कॉलेज में नवप्रवेशी छात्रों ने लिया कैडेवर शपथ, देहदान करने वालों के प्रति जताया सम्मान

मेडिकल कॉलेज में नवप्रवेशी छात्रों ने लिया कैडेवर शपथ, देहदान करने वालों के प्रति जताया सम्मान

मीरजापुर, 27 नवंबर। मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में शुक्रवार को एनाटॉमी विभाग की ओर से एमबीबीएस प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए कैडेवर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 100 मेडिकल छात्रों ने मानव शरीर की गरिमा, पवित्रता और सम्मान बनाए रखने की शपथ ली।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार सिंह ने कहा कि मानव शरीर चिकित्सा शिक्षा के लिए अत्यंत मूल्यवान और उपयोगी है। इसके माध्यम से मेडिकल छात्र शरीर की जटिल संरचनाओं को समझने के साथ ही शोध कार्यों को भी आगे बढ़ा सकेंगे।

एनाटॉमी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) विपिन कुमार ने कहा कि देहदान करने वाले व्यक्ति चिकित्सा छात्रों के प्रथम शिक्षक होते हैं। उनके त्याग और योगदान से ही भावी चिकित्सक मानव शरीर की जटिल संरचना को समझ पाते हैं। उन्होंने छात्रों को देहदान करने वाले व्यक्तियों के प्रति सदैव सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखने की सीख दी।

इस अवसर पर सभी छात्रों ने डिसेक्शन हॉल में चिकित्सा शिक्षकों के नेतृत्व में मानव शरीर की गरिमा, पवित्रता और सम्मान बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम का आयोजन एनाटॉमी विभाग के तत्वावधान में प्रो. (डॉ.) दुर्गेश सिंह के निर्देशन में किया गया। इसका संचालन एवं संयोजन डॉ. ईश्वर प्रसाद ने किया।

कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) विश्वजीत दास, प्रो. (डॉ.) सचिन किशोर, प्रो. (डॉ.) प्रीति भटनागर, डॉ. क्षितिज राज, डॉ. ओंकार सिंह सहित चिकित्सा शिक्षक एवं विभाग के कर्मचारी श्यामबाबू बिंद, विकास कुमार बिंद, राकेश कुमार बिंद और जगदीश विश्वकर्मा मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें