मीरजापुर, 07 सितम्बर 2021। शासन एवं प्रशासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आज दिनांक 07.09.2021 को गजेंद्र प्रताप सिंह ब्लॉक प्रमुख एवं जनप्रतिनिधियो की उपस्थिति में ‘‘राष्ट्रीय पोषण माह’’ का शुभारंभ पंचायत सभागार में हुआ। मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम कर शुभारम्भ किया गया। लोकगायिका द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह गीत-पोषणम्-पोषणम् द्वारा महिलाओ और बच्चो के स्वास्थ सम्बन्धी विभिन्न आयामो पर लोगो को जागरूक किया। संचालनकर्ता ने बताया कि दिनांक 01.09.2021 से 30.09.2021 तक शासन के निर्देशानुसार जनपद में चतुर्थ राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जाना है। पोषण माह के सफल आयोजन हेतु पोषण अभियान प्रधानमंत्री विजन सुपोषण भारत पर आधारित है। प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार यह अभियान जन आंदोलन एवं सामुदायिक भागीदारी के साथ सफल बनाना है। राष्ट्रीय पोषण माह के प्रत्येक सप्ताह विभिन्न गतिविधियां संचालित की जायेंगी। इसके तहत प्रथम सप्ताह आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्कूलों, पंचायत व अन्य सरकारी भवनों में खाली भूमि पर पोषण वाटिका विकसित करने के लिए पौधारोपण कार्यक्रम किया जाएगा। द्वितीय सप्ताह में गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों के लिए योगा सेशन का आयोजन किया जाएगा। पूरे महीने चलने वाले इस अभियान में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। इस प्रकार अभियान के तहत पोषण वाटिका, योगा सेशन, न्यूट्रीशियन किट के वितरण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। पोषण वाटिका की स्थापना के तहत परियोजना कार्यालय में आम एवं अमरुद के पौधों का रोपण किया गया।
इस दौरान गजेंद्र प्रताप सिंह ब्लाक प्रमुख ने अपने सम्बोधन में कहा कि सामुदायिक लामबंदी सुनिश्चित करने और लोगों की भागीदारी को बढ़ाने के लिए, हर साल सितंबर के महीने को पूरे देश में पोषण माह के रूप में मनाया जाता है। यह महीना मानव शरीर के लिए सही पोषण के महत्व और भूमिका पर प्रकाश डालता है। आवश्यक पोषक तत्वों और कैलोरी के संयोजन के साथ संतुलित आहार मानव शरीर के सुचारू कामकाज और विकास के लिए महत्वपूर्ण है। ब्लाक प्रमुख गजेंद्र प्रताप सिंह ने सभी को उत्तम पोषण, उत्तर प्रदेश रोशन हेतु पोषण शपथ पत्र की प्रतिज्ञा दिलवाया। ।