
मीरजापुर। एपेक्स ट्रस्ट प्रांगण में सार्वदेशिक आर्यवीर दल सेवा समिति द्वारा आयोजित आवासीय “आपदा प्रबंधन एवं सेवा प्रशिक्षण” शिविर का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. एस. के. सिंह ने आर्यवीर टोलियों का निरीक्षण किया, परेड की सलामी ली और प्रशिक्षार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
शिविर में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 250 आर्य वीर एवं वीरांगनाओं ने आपदा प्रबंधन, सेवा, अनुशासन, आत्मरक्षा, प्राथमिक उपचार, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रसेवा से संबंधित विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. एस. के. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता तथा शारीरिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में सदैव समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने प्रशिक्षार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिविराध्यक्ष एवं उपसेनापति दिनेश आर्य ने शिविर की गतिविधियों की जानकारी देते हुए सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह के साथ ही शिविर का सफल समापन हुआ। आयोजकों ने कहा कि एपेक्स ट्रस्ट शिक्षा, सेवा और संस्कार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।













