
ऊपर से सड़क, नीचे खाली! मिर्जापुर में सड़क निर्माण का चौंकाने वाला सच
मिर्जापुर। नगर विधानसभा क्षेत्र के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पुरानी बजाजी-पक्का घाट रोड पर सड़क की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऊपर से देखने पर सड़क सामान्य नजर आती है, लेकिन जब सड़क की परत को खोला गया तो नीचे का हिस्सा काफी हद तक खाली मिला। सड़क की ऊपरी परत महज करीब दो इंच दिखाई दे रही है, जिसके नीचे पर्याप्त सामग्री और मजबूती नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।
मुख्य बाजार और आवागमन वाले इस मार्ग पर सड़क की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सड़क का निर्माण यदि निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है तो आने वाले समय में यह सड़क जल्दी क्षतिग्रस्त हो सकती है। खासकर बारिश के मौसम में नीचे से खाली सड़क के धंसने और गड्ढे बनने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की जांच कराकर इसकी वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की केवल ऊपरी सतह देखकर निर्माण की गुणवत्ता का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। सड़क की खुदाई कर उसकी पूरी मोटाई, नीचे डाली गई सामग्री और निर्माण में इस्तेमाल किए गए मानकों की जांच होनी चाहिए।
पुरानी बजाजी-पक्का घाट रोड शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र से जुड़ा मार्ग है। यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क के नीचे का हिस्सा कमजोर होने की स्थिति में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पहले से ही खराब सड़क व्यवस्था के बीच यदि सड़क की गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में है तो जिम्मेदार विभाग को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करनी चाहिए।
लोगों ने जिलाधिकारी और नगर पालिका प्रशासन से मामले की जांच कराने तथा यदि निर्माण में अनियमितता मिलती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई करते हुए सड़क को मानक के अनुरूप दोबारा दुरुस्त कराने की मांग की है।
हालांकि इसकी जानकारी लोगों को तब हुई जब बीती रात अमृत जल योजना के तहत सड़क की खुदाई हो रही थी स्थानीय लोगों ने कहा कि तत्काल सड़क का निर्माण कराया जाए या तो यातायात व्यवस्था पूरी तरीके से इस रास्ते पर बंद कर दी जाए।














