श्री द्वारकाधीश जी महाराज मंदिर का 126वां वर्षगांठ समारोह 2 सितंबर को

श्री द्वारकाधीश जी महाराज मंदिर का 126वां वर्षगांठ समारोह 2 सितंबर को

मिर्जापुर। श्री द्वारकाधीश जी महाराज मंदिर के 126वें वर्षगांठ समारोह का आयोजन 2 सितंबर को धूमधाम से किया जाएगा। इस अवसर पर ठाकुर जी महाराज का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। नीमच, मध्य प्रदेश की प्रसिद्ध भजन गायिका कनिका गोयल भजन संध्या में अपनी प्रस्तुति देंगी।

कार्यक्रम के आयोजक एवं ट्रस्टी प्रदीप बजाज ने बताया कि समारोह के तहत 23 से 28 अगस्त तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों एवं झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को दर्शन कराया जाएगा। इनमें नृसिंह अवतार, पूतना वध, अघासुर वध, श्रीकृष्ण जन्म लीला, माखन चोर लीला, चक्रव्यूह, राम दरबार, ब्रज में होली, आनंद नृत्य, गोवर्धन लीला, कंस वध, गोपालक गोपाल, मुरली-कृष्ण संवाद, कृष्ण-सुदामा भेंट, सवारी पर श्रीराम कृपा तथा झूले पर राधा-कृष्ण की झांकियां प्रमुख हैं।

कार्यक्रम के अनुसार 23 से 28 अगस्त तक सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा रात 8 बजे से 11 बजे तक दर्शन होंगे। 23 अगस्त को रात में ही दर्शन की व्यवस्था रहेगी, जबकि 29 अगस्त को मध्याह्न तक दर्शन प्राप्त होंगे।

वर्षगांठ समारोह के क्रम में 1 सितंबर की शाम 5 बजे से श्री द्वारकेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक होगा। 2 सितंबर की सुबह 8 बजे से ठाकुर जी महाराज का विशेष पूजन, शाम 7 बजे से भजन संध्या एवं दिव्य श्रृंगार का आयोजन किया जाएगा। 4 सितंबर की रात 12 बजे जन्माष्टमी उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान रात 12 बजे से 12:30 बजे तक ठाकुर जी के दर्शन एवं प्रसाद वितरण होगा।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर श्री द्वारकाधीश जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें