
कांवड़ यात्रा मार्ग और गंगा घाटों का DIG पूनम ने किया निरीक्षण
सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मीरजापुर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक, विंध्याचल परिक्षेत्र, मीरजापुर पूनम ने मंगलवार को जनपद के विभिन्न गंगा घाटों एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग का भ्रमण कर कांवड़ियों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए डीआईजी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा घाटों और यात्रा मार्ग पर लगातार सतर्क निगरानी रखी जाए।
डीआईजी ने प्रभावी पुलिस प्रबंधन, सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए मीरजापुर पुलिस द्वारा घाटों एवं कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगातार भ्रमण, निगरानी और प्रभावी पुलिस प्रबंधन किया जा रहा है।















