
गैंगस्टर एक्ट के वांछित समेत पांच गिरफ्तार, अवैध चाकू बरामद
मिर्जापुर पुलिस ने चार वारंटियों को भी दबोचा, 29 लोगों का शांतिभंग में चालान
मिर्जापुर, 29 अगस्त। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मिर्जापुर पुलिस ने शनिवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक अभियुक्त के कब्जे से अवैध चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस ने चार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 29 लोगों का भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धाराओं 170/126/135 के तहत चालान किया गया।
मड़िहान पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के वांछित को गिरफ्तार किया। थाना मड़िहान में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 184/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम में वांछित चल रहे कन्हैया लाल बिन्द पुत्र स्व. धनराज बिन्द, निवासी नुनौटी ताला, थाना चुनार को पुलिस ने लालपुर नौडिहा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र भूषण मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
अहरौरा पुलिस ने अवैध चाकू के साथ युवक पकड़ा। उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर लतीफपुर वनस्थली विद्यालय के पास से अरमान अंसारी पुत्र बकरुद्दीन, निवासी दुर्गाजी पहाड़ी पट्टीकला, कस्बा अहरौरा को एक अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। मामले में थाना अहरौरा पर मुकदमा अपराध संख्या 178/2026, धारा 4/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय/जेल भेज दिया गया।
चार वारंटी भी गिरफ्तार। अभियान के तहत थाना कोतवाली शहर, कछवां और पड़री पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल चार वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें कोतवाली शहर और कछवां से एक-एक तथा पड़री से दो वारंटी शामिल हैं। सभी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
29 लोगों का शांतिभंग में चालान। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कुल 29 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें कोतवाली शहर से 1, कोतवाली कटरा से 4, विंध्याचल से 4, चील्ह से 3, पड़री से 3, हलिया से 1, ड्रमंडगंज से 4, चुनार से 2, अदलहाट से 6 और मड़िहान से 1 व्यक्ति शामिल है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जिले में वांछित, गैंगस्टर, वारंटी और अवैध शस्त्र रखने वाले आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।















