
रामटेक चौराहे पर नवनिर्मित पुलिस बूथ का उद्घाटन, महिला आरक्षियों ने काटा फीता
मिर्जापुर। जिले में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम कोतवाली देहात क्षेत्र के रामटेक चौराहा पर नवनिर्मित पुलिस बूथ का उद्घाटन किया गया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विधि-विधान से पूजन करने के बाद मौके पर मौजूद महिला आरक्षियों से फीता कटवाकर पुलिस बूथ का शुभारंभ कराया। रामटेक चौराहा आवागमन और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल माना जाता है।
पुलिस बूथ शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की नियमित मौजूदगी बढ़ेगी और स्थानीय नागरिकों, राहगीरों, दुकानदारों एवं व्यापारियों को जरूरत पड़ने पर त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में भी बूथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर जटाशंकर सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात अमित मिश्रा, चौकी प्रभारी बरकछा राकेश कुमार राय सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीण एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।















