
यूपी में बनेगा एक और निजी विश्वविद्यालय, चुनार में स्थापित होगी सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश में निजी विश्वविद्यालयों के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल ने मिर्जापुर जनपद के चुनार क्षेत्र में सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी की स्थापना को स्वीकृति प्रदान कर दी है। विश्वविद्यालय की स्थापना वाराणसी-चुनार हाईवे पर ग्राम समसपुर, तहसील चुनार में 50.45 एकड़ भूमि पर की जाएगी।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 के अंतर्गत विश्वविद्यालय स्थापना के लिए संस्था को आशय पत्र जारी किया गया है। मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति ने कैबिनेट की स्वीकृति के उपरांत आयोजित बैठक में विश्वविद्यालय स्थापना के प्रस्ताव को संस्तुति प्रदान की।
यह विश्वविद्यालय एपेक्स हॉस्पिटल, वाराणसी के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह की संरक्षता में स्थापित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के शुरू होने से पूर्वांचल के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की आधुनिक सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही क्षेत्र में रोजगार और शैक्षिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
विद्यालय प्रशासन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी की स्थापना से मिर्जापुर और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे तथा यह संस्थान पूर्वांचल के प्रमुख उच्च शिक्षण केंद्रों में शामिल होगा।















