
टोल प्लाजा हटाने की मांग पर धरने में सपा नेता की एंट्री, एसडीएम सदर से तीखी नोकझोंक
मिर्जापुर। टोल प्लाजा हटाने की मांग को लेकर पिछले 10 दिनों से चल रहे कांग्रेस के धरने में उस समय नया मोड़ आ गया, जब सपा नेता सतीश मिश्रा अचानक धरना स्थल पर पहुंच गए। प्रशासन द्वारा धरना स्थल से हटाए जाने के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
कांग्रेसियों के समर्थन में पहुंचे सपा नेता सतीश मिश्रा और एसडीएम सदर के बीच जमकर कहासुनी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। एसडीएम सदर ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बात कही, जबकि सपा नेता ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।

इस दौरान प्रशासन की ओर से आरोप लगाया गया कि सपा नेता द्वारा शराब के नशे में बेवजह विवाद किया जा रहा है। हालांकि, वायरल हो रहे वीडियो में सपा नेता सतीश मिश्रा खुद यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि उनका मेडिकल परीक्षण करा लिया जाए, जिससे सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस द्वारा सख्ती दिखाने पर सपा नेता सतीश मिश्रा और अधिक नाराज हो गए और उन्होंने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें हाथ न लगाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वे नेता होने के साथ-साथ अधिवक्ता भी हैं और अपने अधिकारों को भलीभांति जानते हैं।
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई के संकेत दिए हैं।











