
पुरानी बजाजी पक्का घाट रोड पर निशुल्क शुद्ध जल प्याऊ का शुभारंभ
मिर्जापुर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच राहगीरों, यात्रियों, ग्राहकों एवं पर्यटकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शहर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बजाजी पक्का घाट रोड पर मंगलवार को भारत विकास परिषद विंध्य धाम शाखा द्वारा निशुल्क “पेय जल सेवा” प्याऊ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनपद के वरिष्ठ पत्रकारों सहित समाजसेवियों ने भी सहभागिता करते हुए प्याऊ के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में सार्वजनिक स्थानों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करना सबसे बड़ी मानव सेवा है। संस्था की ओर से लगाए गए प्याऊ से राहगीरों, मजदूरों, बाजार आने वाले ग्राहकों तथा दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को काफी राहत मिलेगी। प्याऊ स्थल पर ठंडे एवं शुद्ध पेयजल के साथ बैठने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि लोग गर्मी से राहत महसूस कर सकें।
भारत विकास परिषद विंध्य धाम के पदाधिकारियों ने बताया कि “जल है तो कल है” की भावना के साथ यह सेवा कार्य शुरू किया गया है। संस्था का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और संस्कार की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार की सामाजिक पहल आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
इस दौरान संस्था के अध्यक्ष वर्षा सोनी, सचिव मंजू लता जायसवाल, सेवा गतिविधि संयोजक शिवम गोयल सहित पत्रकार वीरेंद्र गुप्ता, पत्रकार संदीप श्रीवास्तव एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















