
बजाज स्कूल का दबदबाः सीआईएससीई जोनल कबड्डी में दो स्वर्ण व दो कांस्य पदक के साथ रहा अव्वल
मिर्जापुर। विन्ध्याचल रोड स्थित सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर में सीआईएससीई की जोनल कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नौ टीमों के अंडर-14, अंडर-17 व अंडर-19 वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बजाज स्कूल का दबदबा देखने को मिला। अंडर-14 व अंडर-19 बालक वर्ग में सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं बालक वर्ग के तीनों वर्गों में सेंट थॉमस स्कूल गोपीगंज ने रजत पदक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालक वर्ग में सेंट मेरी स्कूल हिनौली (मुगलसराय) ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि सेंट जॉन्स स्कूल बभनौटी (भदोही) को कांस्य पदक मिला। अंडर-19 बालक वर्ग में सेंट मेरी स्कूल बलिया ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अंडर-14 वर्ग में सेंट मेरी स्कूल मिर्जापुर ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि सेंट मेरी स्कूल गाजीपुर ने रजत पदक हासिल किया। अंडर-17 वर्ग में सेंट मेरी स्कूल गाजीपुर ने स्वर्ण, सेंट मेरी स्कूल मिर्जापुर ने रजत तथा सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर मिर्जापुर ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में सेंट मेरी स्कूल गाजीपुर ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि सेंट मेरी स्कूल मिर्जापुर को रजत पदक मिला और सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर मिर्जापुर ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
समारोह के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी कौशिक ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के डायरेक्टर परितोष बजाज ने स्कूल की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक व सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास तथा टीमवर्क की भावना विकसित करते हैं।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।















