भाजपा नेत्री के वायरल वीडियो पर विद्युत विभाग ने जारी किया स्पष्टीकरण

बकाया बिजली बिल वाले परिसर में नया कनेक्शन बना विवाद का कारण, वायरल वीडियो पर विद्युत विभाग ने जारी किया स्पष्टीकरण

मिर्जापुर। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उससे संबंधित खबरों के बाद बकाया बिजली बिल वाले परिसर में नया विद्युत कनेक्शन जारी न किए जाने का मामला चर्चा में आ गया है। प्रकरण को लेकर विद्युत विभाग ने विस्तृत स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि पूरे मामले में विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की गई है और किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन नहीं हुआ है।

विभाग के अनुसार अनीता जोशी के नाम दर्ज विद्युत संयोजन संख्या 5839846000 पर लगभग 1.63 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। इसी परिसर में उनके नाती शिवम जोशी द्वारा नया विद्युत कनेक्शन प्राप्त करने के लिए आवेदन किया गया था। अवर अभियंता द्वारा किए गए स्थलीय निरीक्षण में संबंधित परिसर पर पूर्व से भारी बकाया पाया गया, जिसके चलते विद्युत आपूर्ति संहिता के प्रावधानों के अनुसार आवेदन निरस्त कर दिया गया।

विभाग का कहना है कि निरीक्षण के दौरान अनीता जोशी ने स्वयं भी यह कहा था कि जब तक पुराने बकाये का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक नया विद्युत कनेक्शन जारी नहीं किया जाए। इसके बावजूद कुछ दिनों बाद उसी परिसर के लिए दोबारा नया आवेदन प्रस्तुत किया गया और नया संयोजन जारी करने की मांग की गई।

विद्युत विभाग के मुताबिक दूसरा आवेदन निरस्त होने के बाद अनीता जोशी एवं उनके परिजन उपखंड कार्यालय पहुंचे और नया कनेक्शन जारी करने की मांग की। अधिकारियों ने उन्हें बकाया होने के कारण नया संयोजन जारी न किए जाने के नियमों से अवगत कराया। विभाग का आरोप है कि इस दौरान अधिकारियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया तथा बाद में कटरा कोतवाली में तहरीर भी दी गई। विभाग के अनुसार पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने पर आरोपों की पुष्टि नहीं हुई, जिसके चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई।

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और खबरों में प्रस्तुत तथ्यों से इतर वास्तविक विवाद केवल बकाया बिजली बिल वाले परिसर में नया विद्युत कनेक्शन जारी किए जाने की मांग को लेकर है। विभाग ने कहा कि उपभोक्ताओं के साथ सभी कार्रवाई विद्युत आपूर्ति संहिता एवं विभागीय नियमों के अनुरूप की गई है तथा बकाया वाले परिसर में नया संयोजन जारी नहीं किया जा सकता।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें