
दो कच्चे मकान ढहे, वृद्ध दंपती समेत तीन की मौत
बारिश के बीच दीवार और खपरैल गिरने से हुए हादसे, एक गंभीर घायल
मिर्जापुर। मड़िहान तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच दो अलग-अलग गांवों में कच्चे मकान ढहने से वृद्ध दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसों के बाद दोनों गांवों में मातम पसरा है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
रजौहा में दंपती की मौत
मड़िहान थाना क्षेत्र के रजौहा गांव में लगातार चार दिनों से हो रही बारिश के बीच रमाशंकर सिंह पटेल और उनकी पत्नी अशोक कुमारी खपरैल के कच्चे मकान में सो रहे थे। देर रात अचानक कच्ची दीवार और खपरैल भरभराकर दोनों के ऊपर गिर गई। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। उन्हें सीएचसी मड़िहान ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
थपनवा में महिला की मौत, पति घायल
इसी तरह बभनी थाना क्षेत्र के थपनवा गांव में खेत पर बने कच्चे मकान में रह रहे हीरालाल और उनकी पत्नी केवली देवी हादसे का शिकार हो गए। बताया गया कि रात करीब एक बजे अचानक कच्ची दीवार ढह गई और दोनों मलबे में दब गए। सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया गया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां केवली देवी की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल हीरालाल को सीएचसी मड़िहान रेफर किया गया।
प्रशासन ने आर्थिक सहायता का ऐलान किया
लगातार बारिश के बीच हुए इन हादसों से गांवों में शोक की लहर है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने हादसे की जानकारी लेते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।















