
**बिना फिटनेस नहीं दौड़ेंगे स्कूली वाहन, NHAI अभियंता को कड़ी फटकार**
**
**ब्लैक स्पॉट्स और अवैध पार्किंग के खिलाफ मीरजापुर में चलेगा अभियान**
मीरजापुर 20 अगस्त 2026 जनसुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में ‘जिला सड़क सुरक्षा समिति’ की समीक्षा बैठक कर की समीक्षा ।
जिलाधिकारी ने कांवड़ ले जा रहे श्रद्धालुओं के आवागमन वाले सभी मार्गों को सुगम व सुरक्षित बनाने की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि वर्षा के कारण जो भी सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें आगामी दो दिनों के भीतर हर हाल में दुरुस्त कर लिया जाए। इसके साथ ही, बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने स्कूली वाहनों की निरंतर जांच करने और बिना फिटनेस के किसी भी स्कूली वाहन का संचालन न होने देने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिशासी अभियंता नगर पालिका मीरजापुर द्वारा बताया गया कि चिन्हित किए गए एक अवैध स्टैंड को हटा दिया गया है। हाईवे पर अवैध पार्किंग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर चालान की सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए। वहीं, पूर्व में निर्देशित नटवा चौराहे के गड्ढों को ठीक न किए जाने और संतोषजनक उत्तर न मिलने पर जिलाधिकारी ने NHAI के सहायक अभियंता अजीत प्रकाश वर्मा को कड़ी फटकार लगाई तथा सड़क को तत्काल सही कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिस विभाग की सड़कें हैं, उसके अधिकारी स्वयं जाकर धरातलीय निरीक्षण करें और खराब सड़कों पर सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और मुफ़्त इलाज के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि
दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ‘इमरजेंसी मेडिकल प्लान’ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी अस्पताल (सरकारी या निजी) द्वारा घायल मरीजों का बिना पैसे के तत्काल इलाज शुरू किया जाएगा और इलाज का पूरा भुगतान सरकार द्वारा किया जाएगा।
रोड सेफ्टी पॉलिसी के 4 ‘E’ और दुर्घटनाओं की समीक्षा के दौरान जनपद में हुई सड़क दुर्घटनाओं की अत्यधिक तुलनात्मक समीक्षा और सीमांतर्गत मार्गवार दुर्घटनाओं का विश्लेषण किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन सड़क हादसों में तीन या तीन से अधिक मौतें हुई हैं, उनकी संयुक्त जांच समस्त स्टेकहोल्डर विभागों के नामित प्रतिनिधियों द्वारा निर्धारित प्रारूप पर की जाए
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) नितेश सिंह सहित संबंधित विभागों के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।















