मिर्जापुर की खराब सड़कों पर उद्यमियों का फूटा गुस्सा

खराब सड़कों पर उद्यमियों का फूटा गुस्सा, मण्डलायुक्त ने हर शनिवार समीक्षा के दिए निर्देश

मीरजापुर, 17 अप्रैल 2026 मण्डलीय उद्योग बंधु की बैठक में इस बार सबसे बड़ा मुद्दा खराब सड़कों का रहा, जिस पर उद्यमियों ने कड़ी नाराजगी जताई। आयुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश ने सड़कों की खराब स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गड्ढामुक्ति कार्य की नियमित समीक्षा की जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में उद्यमियों ने कहा कि खराब सड़कों के कारण औद्योगिक गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, जिससे व्यापार और उत्पादन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इस पर मण्डलायुक्त ने नगर मजिस्ट्रेट मीरजापुर को निर्देशित किया कि लोक निर्माण विभाग, जल निगम और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों के साथ प्रत्येक शनिवार बैठक कर सड़कों की प्रगति की समीक्षा करें और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

मण्डलायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन आधारभूत सुविधाओं की कमी इसमें बाधा बन रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए उद्योग महत्वपूर्ण हैं, ऐसे में उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता पर होना चाहिए।

बैठक में शास्त्री ब्रिज के रखरखाव को लेकर भी नाराजगी जताई गई। मण्डलायुक्त ने संबंधित अभियंता को निर्देशित किया कि 18 अप्रैल को उपस्थित होकर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दें। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र हनुमान पड़रा के मार्ग चौड़ीकरण, ओडीओपी उत्पादों के लिए प्रदर्शनी स्थल, निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदन और नए औद्योगिक क्षेत्रों की मांग जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

बैठक के दौरान अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत की अनुपस्थिति पर मण्डलायुक्त ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए भविष्य में अनुपस्थित रहने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी के बिना उद्यमियों की समस्याओं का समाधान संभव नहीं है।

मण्डलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में उठाए गए मुद्दों पर कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए अगली बैठक में निस्तारण आख्या प्रस्तुत करें। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और मीरजापुर, सोनभद्र व भदोही के उद्यमी व व्यवसायी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें