
जनहित में पांच डिप्टी कलेक्टरों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल, तत्काल प्रभाव से आदेश लागू

मिर्जापुर। जिला प्रशासन ने जनहित एवं प्रशासनिक आवश्यकता को देखते हुए पांच उप जिलाधिकारियों (डिप्टी कलेक्टरों) के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। इस संबंध में जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार महेंद्र कुमार सिंह, जो वर्तमान में उप जिलाधिकारी लालगंज के पद पर तैनात थे, को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर बनाया गया है।
उप जिलाधिकारी सदर के पद पर कार्यरत गुलाब चंद्र को अपर उप जिलाधिकारी सदर के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्हें विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी, सहायक अभिलेख अधिकारी, सहायक पर्यटन अधिकारी, प्रभारी अधिकारी धर्मार्थ कार्य तथा प्रभारी अधिकारी ट्रस्ट से संबंधित कार्य भी देखने होंगे।
उप जिलाधिकारी चुनार राजेश कुमार को अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ उप जिलाधिकारी (न्यायिक) का कार्य भी सौंपा गया है।
अजीत कुमार, जो उप जिलाधिकारी (न्यायिक) चुनार एवं परियोजना निदेशक डूडा के पद पर कार्यरत थे, अब उप जिलाधिकारी लालगंज के साथ उप जिलाधिकारी (न्यायिक) का कार्य देखेंगे।
अतिरिक्त अधिकारी संतोष कुमार ओझा को अपने पूर्व आवंटित कार्यों के साथ-साथ परियोजना निदेशक डूडा की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी तत्काल कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।













