
शादी समारोहों के लिए प्रशासन मुहैया करा रहा गैस सिलेंडर, 143 परिवारों को तत्काल राहत
मिर्जापुर। जनपद में शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए प्रशासन ने आम लोगों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र ने 143 परिवारों के लिए शादी समारोहों में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम एवं एचपी गैस के विक्रय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेंडर मिल सके।
प्रशासन के निर्देश के बाद संबंधित गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को तत्काल सिलेंडर उपलब्ध कराना शुरू कर दिया गया है। अब तक 100 से अधिक शादी समारोहों के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जिससे आमजन को काफी राहत मिली है। शादी-ब्याह जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर गैस की कमी से जूझ रहे परिवारों के लिए यह व्यवस्था बेहद सहायक साबित हो रही है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन, आपूर्ति विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इस व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित कर रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग एसडीएम सदर और जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) मिर्जापुर से संपर्क कर रहे हैं और अपनी जरूरत के अनुसार गैस सिलेंडर प्राप्त कर रहे हैं।
इस कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए एसडीएम सदर एवं डीएसओ मिर्जापुर द्वारा एआरओ मुकेश कुमार तथा सप्लाई इंस्पेक्टर अनुराग मिश्र, विवेक सिंह और पुनीत सहित अन्य कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन अधिकारियों की निगरानी में शादी समारोहों के लिए गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
प्रशासन की इस पहल से जिले में शादी समारोहों के दौरान गैस की किल्लत को काफी हद तक दूर किया जा सका है और आम जनता को राहत मिल रही है।















