
मीरजापुर में 25 हजार का इनामी वाहन चोर साथी समेत गिरफ्तार, चार चोरी की बाइक बरामद
जमालपुर पुलिस ने तमंचा और कारतूस भी किया बरामद, शादी समारोह व सड़क किनारे खड़ी बाइक को बनाते थे निशाना
मीरजापुर। जमालपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त समेत दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें, एक 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार 16 सितंबर की रात जमालपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर डबक गांव स्थित इण्डेन गैस एजेंसी गोदाम के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों के साथ बृजेश चौहान (42) निवासी ईसरगोडवा, थाना इलिया, चंदौली और आजाद चौहान (20) निवासी अइलार, थाना चांद, कैमूर-भभुआ, बिहार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक बृजेश चौहान पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसकी निशानदेही पर मैनुद्दीनपुर गांव में छिपाकर रखी गई दो अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। बृजेश के पास से 315 बोर का डबल बैरल तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले।
पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ शादी समारोह और बारातों में मौका देखकर तथा सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर चोरी करते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों को बिहार ले जाकर बेचने के बाद मिलने वाली रकम को आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के अनुसार बरामद चार मोटरसाइकिलों में से तीन के संबंध में चंदौली और कैमूर-भभुआ में चोरी के मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनमें अलीनगर थाने में मुकदमा संख्या 283/2026, चांद थाना कैमूर में कांड संख्या 202/2025 तथा मुगलसराय थाने में मुकदमा संख्या 307/2026 शामिल हैं।
जमालपुर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 167/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 317(2), 317(4), 317(5) तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक बृजेश चौहान के खिलाफ मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी और सोनभद्र के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, धोखाधड़ी, कूटरचना और आयुध अधिनियम समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं।















