सीएमओ डॉ. सीएल वर्मा को भावभीनी विदाई, डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा का हुआ स्वागत

सीएमओ डॉ. सीएल वर्मा को भावभीनी विदाई, डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा का हुआ स्वागत

मीरजापुर। जनपद के स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी पद से स्थानांतरित होकर संयुक्त निदेशक, स्वास्थ्य निदेशालय लखनऊ का दायित्व संभालने जा रहे डॉ. सीएल वर्मा को भावभीनी विदाई दी गई तथा नवागत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

विवेकानंद सभागार में आयोजित समारोह में डॉ. सीएल वर्मा ने जनपद में लगभग तीन वर्षों के कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी कर्मियों ने सदैव कंधे से कंधा मिलाकर विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया है और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ जनपद को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीरजापुर और यहां के कर्मचारियों से उनका विशेष लगाव रहा है, जो आगे भी बना रहेगा तथा विभागीय हितों के लिए वे सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।

नवागत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी जनहित में सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें, जिससे जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ हो सकें। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए उनका सहयोग और मार्गदर्शन सदैव उपलब्ध रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. वीके चौधरी, डॉ. मुकेश एवं डॉ. सुदीप ने डॉ. सीएल वर्मा के साथ बिताए गए स्मरणीय पलों को साझा किया। समारोह में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन टीबी विभाग के सतीश यादव ने किया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें