
हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों को शुभकामनाएं, समाजहित में मीडिया की भूमिका को सराहा
मिर्जापुर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर कोन ब्लॉक के मुजेहरा कला निवासी समाजसेविका ज्योति श्रीवास्तव ने जर्नलिस्ट वेलफेयर सोसाइटी से संबद्ध मिर्जापुर डिजिटल मीडिया प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को जागरूक करने, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि मिर्जापुर डिजिटल मीडिया प्रेस क्लब और जर्नलिस्ट वेलफेयर सोसाइटी द्वारा समाजहित के मुद्दों को लगातार प्रमुखता से उठाया जा रहा है। संगठन जनता की आवाज को मजबूती प्रदान करने के साथ ही शासन और प्रशासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर उनके पति एवं हाईकोर्ट अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव ने भी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को सशक्त बनाने का आधार है। उन्होंने पत्रकारों के समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दोनों ने पत्रकारों से जनहित, सामाजिक सरोकारों और विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करते रहने का आह्वान किया।













