
20 किलो 141 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
मिर्जापुर। जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आल-आउट” अभियान के तहत थाना जिगना पुलिस ने 20 किलो 141 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में थाना जिगना पुलिस टीम ने ग्राम बिहसड़ा तिराहा पर वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार लोलो यादव उर्फ बसंत यादव (30) तथा पप्पू यादव (52), निवासी ग्राम रामपुर बल्लीपरवा, थाना चिल्ह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक बोरे में रखा 20 किलो 141 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध थाना जिगना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (यूपी 63 जी 0433) को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित पप्पू यादव के विरुद्ध पूर्व से भी विभिन्न आपराधिक मामले, जिनमें एनडीपीएस एक्ट का मामला भी शामिल है, दर्ज हैं। कार्रवाई थाना जिगना के थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह एवं उनकी पुलिस टीम ने की।














