
50वीं इंडिया कार्पेट एक्सपो की तैयारियों को लेकर सीईपीसी प्रशासनिक समिति की बैठक
63 देशों से करीब 310 खरीदार और 195 निर्यातक करा चुके हैं पंजीकरण
नोएडा, 15 सितंबर। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की 43वीं वार्षिक आम बैठक के समापन के बाद मंगलवार को परिषद की प्रशासनिक समिति (सीओए) की बैठक हुई। अध्यक्षता सीईपीसी अध्यक्ष कैप्टन मुकेश कुमार गोंबर ने की। बैठक में आगामी 50वीं इंडिया कार्पेट एक्सपो (गोल्डन जुबली) को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि आगामी इंडिया कार्पेट एक्सपो के लिए अब तक 63 देशों से करीब 310 विदेशी खरीदारों तथा 195 निर्यातकों ने पंजीकरण कराया है। विदेशी खरीदारों के आगमन, होटल, पंजीकरण और परिवहन सहित अन्य सुविधाओं को सुचारु बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशासनिक समिति ने एक्सपो में सहभागी निर्यातकों के लिए स्टॉल व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास, पंजीकरण, स्टॉल तक सामान पहुंचाने, पार्किंग और वाहन व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों की समीक्षा की। संबंधित व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि एक्सपो के दौरान खरीदारों और निर्यातकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में सीईपीसी उपाध्यक्ष असलम महबूब समेत प्रशासनिक समिति के सदस्य महावीर प्रताप शर्मा, मोहम्मद वसीफ अंसारी, अनिल कुमार सिंह, पीयूष कुमार बरनवाल, संजय कुमार गुप्ता, बोध राज मल्होत्रा, रोहित गुप्ता, शेख आशिक अहमद, मेहराज यासीन जान और शौकत खान तथा कार्यवाहक कार्यकारी निदेशक-सह-सचिव डॉ. स्मिता नागरकोटी मौजूद रहीं।
सीईपीसी के अनुसार, 50वीं इंडिया कार्पेट एक्सपो भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग को वैश्विक बाजार से जोड़ने और भारतीय कालीन निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन होगा।















