चैत्र नवरात्रि से पहले विंध्याचल की पर्यटन परियोजनाएं हर हाल में पूरी हों—जिलाधिकारी

चैत्र नवरात्रि से पहले विंध्याचल की पर्यटन परियोजनाएं हर हाल में पूरी हों—जिलाधिकारी
मीरजापुर, 13 फरवरी 2026
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में विन्ध्यधाम तीर्थ विकास परिषद के अंतर्गत पर्यटन विभाग द्वारा संचालित परियोजनाओं एवं कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राज्य योजना वर्ष 2025–26 के अंतर्गत नवीन कार्य योजनाओं के आगणन गठित कराकर शासन को प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति हेतु प्रेषित किए जाने से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अजय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, डिप्टी कलेक्टर संजीव कुमार, संयुक्त निदेशक पर्यटन वाराणसी एवं विंध्याचल/आजमगढ़ मंडल दिनेश कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, मुख्य अग्नि शमन अधिकारी सहित संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के परियोजना प्रबंधक उपस्थित रहे।
बैठक में विंध्याचल क्षेत्र में कराए जा रहे घाटों के निर्माण एवं इतिहास से जुड़े विकास कार्यों, होमस्टे ‘ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट स्टे’ स्कीम तथा होमस्टे स्कीम की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करें। विशेष रूप से आगामी चैत्र नवरात्रि को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।
नवीन कार्य योजना वर्ष 2025–26 के अंतर्गत विन्ध्यधाम तीर्थ विकास परिषद के नए आगणनों के संबंध में नामित कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम, इकाई सोनभद्र द्वारा प्रस्तुत पीपीटी/प्रस्तुतिकरण भी देखा गया। प्रस्तुतिकरण में कुछ कमियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अगली बैठक में संशोधित एवं पूर्ण पीपीटी के साथ पुनः प्रस्तुतिकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मीरजापुर एवं विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और पर्यटन विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से उतारा जाए।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें