
चुनार, मिर्ज़ापुर। एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स इंस्टिट्यूट ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड हॉस्पिटल, चुनार में ट्रस्टी प्रो. डॉ. एस. के. सिंह की संरक्षता में बीएएमएस छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित वार्षिक खेल सप्ताह 2026 का भव्य समापन हर्षोल्लास, उत्साह एवं विजयी माहौल के बीच संपन्न हुआ। पाँच दिवसीय इस आयोजन ने विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत की।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि स्पोर्ट शिक्षक भूपेन्द्र सिंह, श्री शिवाजी नेशनल इंटर कॉलेज, हासीपुर, बगहा, चुनार, प्रदेश चयनकर्ता, अंडर-17 वॉलीबॉल, फेडरेशन ऑफ इंडिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि ट्रस्टी प्रो. डॉ. एस. के. सिंह, डीन प्रो. डॉ. सुनील मिस्त्री, प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. पी. के. सिंह, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल प्रो. गोपी एस.एस. तथा समस्त फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों द्वारा धनवंतरी पूजन एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
खेल सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों ने क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कैरम, शतरंज, दौड़, रस्साकशी, खो-खो एवं स्किपिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि के साथ आए हुए राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह ने कहा कि खेल जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खेलों के दौरान होने वाली सामान्य चोटों से बचाव, प्राथमिक उपचार तथा फर्स्ट-एड की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन फैकल्टी सदस्य डॉ. निलेश कुमार दुबे, डॉ. सुनील कुमार सिंह, डॉ आशीष यादव, डॉ. ललित नागर, डॉ. सुधांशु सिंह, डॉ. गौरव सिंह एवं डॉ. अंजली गौतम द्वारा किया गया। समापन अवसर पर संस्थान प्रबंधक द्वारा सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रदान कीं।















