
आमघाट ओवर ब्रिज आज से जनता के लिए खुला, डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों का दिखा असर
मिर्जापुर। शहर के बहुप्रतीक्षित आमघाट ओवर ब्रिज पर आज से आवागमन शुरू हो गया है। पुल के खुलते ही क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से तैयार होने के बावजूद उद्घाटन की प्रतीक्षा में पुल पर आवागमन रोके जाने को लेकर जो आशंकाएं लोगों के मन में थीं, वे आज समाप्त हो गईं।
आज दोपहर 12:00 बजे अपना दल (एस) के जिला अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा पुल का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही आमजन के लिए पुल पूरी तरह खोल दिया गया। अब शहर के इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात पहले से कहीं अधिक सुगम और व्यवस्थित हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डबल इंजन की सरकार का लाभ अब सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि लोग उसे प्रत्यक्ष रूप से देख भी रहे हैं और महसूस भी कर रहे हैं। आमघाट ओवर ब्रिज का शुरू होना इसी का उदाहरण है। इससे सरकार के विकास कार्यों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता पर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
गौरतलब है कि मिर्जापुर न्यूज़ डॉट कॉम ने पूर्व में तैयार पुल पर पत्थर रखकर बेवजह यातायात बाधित किए जाने को लेकर खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद इस मुद्दे पर व्यापक चर्चा हुई। आज पुल के खुलने के साथ ही वह सवाल भी समाप्त हो गया।
पुल के चालू होने से न सिर्फ जाम की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि समय और ईंधन की भी बचत होगी। आमघाट ओवर ब्रिज अब मिर्जापुर के विकास की एक नई पहचान बनता नजर आ रहा है।















