77 से अधिक मुकदमों वाले शातिर अपराधी गिरफ्तार, मिर्जापुर पुलिस की बड़ी कामयाबी

बिलासपुर लूटकांड का मिर्जापुर कनेक्शन: मुठभेड़ में चार अंतरराज्यीय बदमाश गिरफ्तार, 3.768 किलो जेवर बरामद
मिर्जापुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुई सर्राफा कारोबारी से लूट की घटना का खुलासा करते हुए मिर्जापुर पुलिस ने चार अंतरराज्यीय शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एसओजी/सर्विलांस, थाना अहरौरा व थाना अदलहाट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को चेकिंग के दौरान दबोचा, जबकि दो अन्य बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) मनीष मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन शिखा भारती व क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
सोनवरसा नहर के पास घेराबंदी, कार से मिला लूट का माल
18 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि बिलासपुर जनपद के राजकिशोर नगर थाना सरकण्डा क्षेत्र में 17 फरवरी को हुई लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश लूट का माल लेकर कार संख्या CG13V7002 से सोनभद्र होते हुए वाराणसी की ओर भाग रहे हैं। सूचना पर अहरौरा क्षेत्र में बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की गई।
सोनवरसा नहर के पास से कार सवार विनोद उर्फ बीनू प्रजापति निवासी कोटा (राजस्थान)/अनुपपुर (म.प्र.) और करीम खान निवासी बरेली को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में इनके पास से 1.550 किलोग्राम पीली धातु के आभूषण (176 अंगूठी, 457 लॉकेट, 805 जोड़ी बाली), दो तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस व 46,100 रुपये नगद बरामद हुए।
लखनिया दरी जंगल में मुठभेड़, दो बदमाश घायल
पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम लखनिया दरी जंगल के पास पहुंची, जहां दो अन्य आरोपी विजय लाम्बा निवासी पूर्वी दिल्ली और मोनू उर्फ राहुल उर्फ रोहित उर्फ गुडवा निवासी गौतमबुद्धनगर को पकड़ने का प्रयास किया गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इनके पास से 2.218 किलोग्राम आभूषण, एक देशी पिस्टल 32 बोर, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा एक लाख रुपये नगद बरामद किए गए। घायल आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
कुल बरामदगी और मुकदमा
चारों आरोपियों के कब्जे से कुल 3.768 किलोग्राम पीली धातु के आभूषण, 1,46,100 रुपये नगद, एक देशी पिस्टल, दो तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में थाना अहरौरा पर धारा 317(2), 109 बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अंधे मोड़ पर टक्कर मारकर की थी लूट
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 17 फरवरी को बिलासपुर में अंधे मोड़ पर एक इको कार को टक्कर मारकर चालक को पिस्टल, तमंचे और हथौड़ी से घायल किया तथा वाहन में रखे जेवरात व नगदी लूटकर दिल्ली की ओर भाग रहे थे।
आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
मुठभेड़ में घायल आरोपी विजय लाम्बा के विरुद्ध दिल्ली व हरियाणा के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट के 60 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोनू उर्फ राहुल उर्फ रोहित उर्फ गुडवा के खिलाफ गौतमबुद्धनगर व बुलंदशहर में हत्या के प्रयास, लूट, एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई में थाना अहरौरा, थाना अदलहाट व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें