
मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में साडा बोर्ड की 51वीं बैठक सम्पन्न, 35 विकास कार्यों को मिली स्वीकृति
मीरजापुर, 21 फरवरी 2026। विन्ध्याचल मण्डल के मण्डलायुक्त एवं शक्तिनगर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के अध्यक्ष राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में साडा बोर्ड की 51वीं बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनहित से जुड़े निर्माण एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में जिलाधिकारी सोनभद्र बी.एन. सिंह ने वीडियो
कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की। सचिव/मुख्य विकास अधिकारी सोनभद्र जागृति अवस्थी ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालन आख्या प्रस्तुत करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के स्वीकृत बजट के सापेक्ष 31 दिसंबर 2025 तक की वास्तविक आय-व्यय,
अधिष्ठान एवं विकास कार्यों पर व्यय का लेखा-जोखा बोर्ड के समक्ष रखा गया। साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए कार्य पूर्ति दिग्दर्शन आय-व्यय बजट भी प्रस्तुत किया गया।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में साडा के वित्त पोषण से कुल 35 निर्माण एवं विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें संपर्क मार्ग निर्माण, नालों पर पुलिया निर्माण, रिटर्निंग वाल, सीसी रोड निर्माण, सड़कों का पुनर्निर्माण तथा पिकनिक स्पॉट के सुंदरीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
मण्डलायुक्त ने सभी प्रस्तावित कार्यों को बोर्ड से स्वीकृति प्रदान करते हुए निर्देश दिया कि साडा क्षेत्र में कोई भी कार्य कार्यदायी संस्था से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त होने के बाद ही शुरू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्य जनहित में कराए जाएं और किसी भी पुराने कार्य की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी/सचिव साडा को निर्देशित किया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में नियमित रूप से बोर्ड बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों की गहन समीक्षा की जाए और अनुमोदित स्टीमेट के साथ मण्डल स्तर की बैठक में प्रस्तुत किया जाए।
बैठक में उप निदेशक अर्थ एवं संख्या, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, राज्य विद्युत उत्पादन निगम, उत्तर प्रदेश जल निगम के प्रतिनिधियों सहित शासन द्वारा नामित गैर सरकारी सदस्य धर्मवीर तिवारी व केसी जैन उपस्थित रहे।















