
मीरजापुर। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के रिक्त पदों पर चयन के लिए आवेदन करने वाली महिलाओं को बड़ी राहत दी गई है। जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के 159 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि
बढ़ाकर अब 09 मार्च 2026 कर दी गई है। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा ने दी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि शासनादेश दिनांक 17 सितंबर 2025 के तहत निदेशक, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, लखनऊ द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की मानदेय पर नियुक्ति की चयन प्रक्रिया का पुनर्निर्धारण किया गया है। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी/अध्यक्ष के अनुमोदन से जनपद मीरजापुर के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि सिटी ग्रामीण, नगर, पहाड़ी, मड़िहान, मझवां, सीखड़, नरायनपुर, राजगढ़, जमालपुर, कोन, छानबे, लालगंज एवं हलिया परियोजनाओं में कुल 159 रिक्त पदों के लिए विभागीय वेबसाइट पर 07 फरवरी 2026 को विज्ञप्ति प्रकाशित की गई थी, जिसकी अंतिम तिथि 27 फरवरी 2026 निर्धारित थी।
हालांकि, आवेदन अवधि के दौरान पोर्टल के तकनीकी रूप से बाधित रहने तथा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के चलते आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र समय से निर्गत न हो पाने के कारण कई पात्र महिलाएं आवेदन नहीं कर सकीं। इस स्थिति को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी/अध्यक्ष की अनुमति दिनांक 21 फरवरी 2026 के क्रम में ऑनलाइन आवेदन की समय-सीमा 10 दिवस बढ़ाते हुए अब 09 मार्च 2026 तक कर दी गई है। पात्र महिला अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।















