अदलहाट पुलिस ने अंतर्राज्यीय ट्रैक्टर-ट्रॉली चोर गैंग का भंडाफोड़, चार शातिर गिरफ्तार

अदलहाट पुलिस ने अंतर्राज्यीय ट्रैक्टर-ट्रॉली चोर गैंग का भंडाफोड़, चार शातिर गिरफ्तार

मीरजापुर। जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर थाना अदलहाट पुलिस ने अंतर्राज्यीय शातिर ट्रैक्टर-ट्रॉली चोर गिरोह के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के चार ट्रैक्टर, तीन ट्रॉली और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में
रिषू तिवारी, रविशंकर तिवारी उर्फ मंटू, आशीष कुमार तिवारी उर्फ गोलू और आदित्य पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय शामिल हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में 23 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर अदलहाट थाना क्षेत्र के ग्राम विशेषरपुर माफी हाईवे से चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ चारों अभियुक्तों को धर दबोचा गया। ट्रॉली में ईंट लदी हुई थी और उसके ऊपर एक मोटरसाइकिल भी रखी हुई थी। इसके बाद अभियुक्तों की निशानदेही पर ग्राम बरईपुर में गंगा नदी के किनारे छिपाकर रखे गए तीन अन्य चोरी के ट्रैक्टर भी बरामद कर लिए गए।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे मीरजापुर, आसपास के जिलों और बिहार के विभिन्न इलाकों से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करते थे और उन्हें दाउदनगर, जनपद औरंगाबाद (बिहार) के एक कबाड़ी को बेच देते थे, जहां उन्हें काटकर कबाड़ में तब्दील कर दिया जाता था। इस अवैध कारोबार से मिलने वाली रकम को आपस में बांटकर भौतिक सुख-सुविधाओं पर खर्च किया जाता था।

गिरफ्तार अभियुक्तों में बिहार के कैमूर जनपद के तीन तथा मीरजापुर के एक निवासी शामिल हैं। अभियुक्तों के खिलाफ थाना अदलहाट में मु0अ0सं0-39/2026 धारा 317(2), 324(2), 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। सभी अभियुक्तों को न्यायालय भेजा जा रहा है, जबकि बरामद वाहनों को 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सेठ, उप-निरीक्षक आशुतोष शुक्ला, अभयनारायण सिंह सहित पुलिस कर्मी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार गिरोह के नेटवर्क की और भी कड़ियों की जांच की जा रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें