
जिगना पुलिस ने अंतर्राज्यीय शराब तस्करी का किया खुलासा, 315 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ एक गिरफ्तार
मीरजापुर। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जिगना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर की गई कार्रवाई में जिगना पुलिस टीम ने टाटा नेक्सन कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में 24 फरवरी 2026 को ग्राम नरोईया मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग के दौरान टाटा नेक्सन कार को रोका गया। तलाशी के दौरान कार से कुल 315 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से अभियुक्त अंकुश पासवान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह हरियाणा से अवैध अंग्रेजी शराब बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बिक्री करता था और शराब को कार में छिपाकर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
इस संबंध में थाना जिगना पर मु0अ0सं0-38/2026 धारा 60/63 आबकारी अधिनियम एवं 319(4), 318(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया गया है। शराब तस्करी में प्रयुक्त टाटा नेक्सन कार को 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, उप निरीक्षक आत्मा राम यादव सहित थाना जिगना की पुलिस टीम शामिल रही।















