तीन दिन में सुधार नहीं तो होगी कड़ी कार्रवाई- प्रभारी डीएम विशाल कुमार

तीन दिन में सुधार नहीं तो होगी कड़ी कार्रवाई, स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा में प्रभारी जिलाधिकारी की सख्त चेतावनी

मीरजापुर, 25 फरवरी 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति एवं आयुष समिति की बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए खराब प्रदर्शन पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित की जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध उच्चाधिकारियों को कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

बैठक में क्षय रोग, जननी सुरक्षा योजना के भुगतान, बीसीजी व अन्य टीकाकरण, आरसीएच योजना, मातृ मृत्यु दर ऑडिट रिपोर्ट, एफआरयू, एनआरसी और आयुष्मान कार्ड योजना की समीक्षा की गई। खराब प्रगति पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, नोडल अधिकारी (क्षय रोग, आयुष्मान, जननी सुरक्षा) तथा सीखड़, राजगढ़, जमालपुर, गुरूसण्डी, लालगंज, हलिया और पटेहरा के प्रभारी चिकित्साधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए तीन दिन के भीतर प्रगति एवं फीडिंग प्रतिशत बढ़ाकर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

आयुष्मान कार्ड की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए प्रभारी जिलाधिकारी ने पात्र परिवारों, विशेषकर 70 वर्ष पूर्ण कर चुके नागरिकों के कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के नामित कर्मियों की सूची व मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि समन्वय बनाकर लक्ष्य शीघ्र पूरा कराया जा सके।

हाई रिस्क प्रेगनेंसी (एचआरपी) मामलों की सख्त निगरानी, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के प्रयास, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की उपलब्धता और स्टॉक रजिस्टर अपडेट रखने के भी निर्देश दिए गए। आशा कार्यकर्ताओं व एएनएम के कार्यों की समीक्षा कर खराब प्रदर्शन करने वालों को चिन्हित कर सुधार या कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में पीपी परियोजनाएं, ईएनसी रजिस्ट्रेशन, कुष्ठ एवं क्षय रोग, मंत्र एप पर बर्थ डोज, जननी सुरक्षा भुगतान, मातृ मृत्यु ऑडिट, टीकाकरण, एफआरयू, आरसीएच स्टेटस, फैमिली प्लानिंग, एसएनसीयू, जिला महिला चिकित्सालय, 108 व 102 एंबुलेंस की पहुंच समय, विभिन्न चिकित्सालयों में ओपीडी संख्या, आभा प्रगति रिपोर्ट, राष्ट्रीय अंधता व दृष्टिहीनता कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम सहित अन्य बिंदुओं पर समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

चश्मा वितरण कार्यक्रम में आपूर्ति लंबित होने पर 15 दिन के भीतर संबंधित वेंडर से आपूर्ति सुनिश्चित कर शत-प्रतिशत वितरण कराने के निर्देश दिए गए, अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

इसके पश्चात जिला आयुष समिति की बैठक में भी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा, अधीक्षक मंडलीय चिकित्सालय डॉ. सुनील सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. श्रीकांत रजक सहित संबंधित अधिकारी एवं डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें