
*तकनीकी शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में उन्नति स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग प्रोग्राम का हुआ शुभारंभ*
डी.फार्म विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल व रोजगार क्षमता बढ़ाने पर विशेष फोकस
चुनार, मिर्ज़ापुर। एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, चुनार में ट्रस्टी प्रो. डॉ. एस. के. सिंह की संरक्षता एवं प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. सुनील मिस्त्री के नेतृत्व में तकनीकी शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत डी.फार्म के छात्र-छात्राओं हेतु उन्नति फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुभारंभ 23 फरवरी 2026 से किया गया है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञ प्रशिक्षक मोहम्मद अबरार अहमद द्वारा विद्यार्थियों को व्यावसायिक एवं व्यवहारिक कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
संस्थान में प्रतिदिन आयोजित इस स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम का उद्देश्य डी.फार्म प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संचार कौशल तथा रोजगार से जुड़ी क्षमताओं को सशक्त बनाना है। प्रशिक्षण सत्रों में विद्यार्थियों को प्रोफेशनल एटिकेट्स, टीमवर्क, इंटरव्यू स्किल्स, करियर ओरिएंटेशन एवं इंडस्ट्री रेडी स्किल्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी जा रही हैं, जिससे वे वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में स्वयं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर सकें। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं बल्कि व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जो उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य में बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगा।
प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. सुनील मिस्त्री ने कहा एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी का उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक कौशलों से भी सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने करियर में नई ऊँचाइयों को हासिल कर सकें।















