
मीरजापुर। जनपद में गो-तस्करी व संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राजगढ़ व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये का इनामिया व वांछित गो-तस्कर मेहंदी हसन उर्फ लल्लू नट घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल व 50,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, थाना राजगढ़ में पंजीकृत गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित व फरार चल रहे शातिर गो-तस्कर मेहंदी हसन उर्फ लल्लू नट पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामिया गो-तस्कर संतनगर क्षेत्र से गोवंशों की खरीद-फरोख्त कर मोटरसाइकिल से सक्तेशगढ़ की ओर जा रहा है। सूचना पर थाना राजगढ़ व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। तलेर जंगल सेमरी के पास पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में सीमित जवाबी फायरिंग की, जिसमें इनामिया गो-तस्कर मेहंदी हसन उर्फ लल्लू नट के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं दूसरा अभियुक्त मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मौके से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस, एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल और 50,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में थाना राजगढ़ पर अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार अभियुक्त मेहंदी हसन उर्फ लल्लू नट, उम्र लगभग 32 वर्ष, ग्राम शाहपुर चौसा, थाना कोतवाली देहात, जनपद मीरजापुर का निवासी है। उसके खिलाफ संतनगर, लालगंज और राजगढ़ थानों में गोवध निवारण अधिनियम व अन्य धाराओं के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना राजगढ़ के प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय तथा एसओजी/सर्विलांस के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और गो-तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।















