
ड्रोन व AI कैमरों की निगरानी में होगा चैत्र नवरात्र मेला-2026, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मिर्जापुर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चैत्र नवरात्र मेला-2026 को सकुशल एवं निर्बाध रूप से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ AI कैमरा, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
ड्रोन कैमरों के माध्यम से मां विंध्यवासिनी देवी धाम एवं परिसर, गंगा तट के विभिन्न घाटों, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्गों, रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, मेला क्षेत्र के पार्किंग स्थल, मां अष्टभुजा और कालीखोह, रोप-वे सहित पूरे मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन द्वारा हाईटेक तकनीक के उपयोग से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया गया है, जिससे मेला शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।















