प्राची सोनी प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई तेज, नोटिस चस्पा; मामले पर राजनीति भी गरमाई

प्राची सोनी प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई तेज, नोटिस चस्पा; मामले पर राजनीति भी गरमाई

मीरजापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के टटरहाई रोड मुकेरी बाजार से जुड़े प्राची सोनी प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पति गौरव सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद दर्ज मुकदमे में नामजद आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

कटरा कोतवाली प्रभारी वैद्यनाथ सिंह के अनुसार मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन वे सहयोग नहीं कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम भारी फोर्स व महिला पुलिसकर्मियों के साथ आरोपियों के घर पहुंची, जहां कोई भी आरोपी मौजूद नहीं मिला।

पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत आरोपियों के घर नोटिस चस्पा कर निर्धारित समय के भीतर उपस्थित होने का निर्देश दिया है। पुलिस के मुताबिक यदि आरोपी नोटिस की अनदेखी करते हैं तो न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी कराने की कार्रवाई की जाएगी।

इसी बीच मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जिले के एक विधायक आरोपियों के समर्थन में खड़े हैं, जिससे जांच प्रभावित हो रही है। उधर आम आदमी पार्टी ने भी पूरे घटनाक्रम पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे गंभीर मामला बताया है।

आम आदमी पार्टी मिर्जापुर जिला अध्यक्ष प्रोफेसर वी. सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पार्टी इस मामले को गंभीरता से ले रही है और पीड़िता प्राची सोनी को न्याय दिलाने की मांग करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी नहीं हो रही है, जिससे न्याय प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

गौरतलब है कि इस मामले में पहले से ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है और पूरे प्रकरण को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें