
राम-कृष्ण के संदेशों पर होगा विस्तार, नगर निकाय स्तर पर बनेंगे गीता संदेश भवन: मुख्यमंत्री
मीरजापुर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि भगवान राम और भगवान कृष्ण के आदर्शों एवं संदेशों पर चलते हुए प्रदेश में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का और व्यापक विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर निकाय स्तर पर जगह-जगह “गीता संदेश भवन” का निर्माण कराया जाएगा, जिससे समाज में नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार हो सके।
मुख्यमंत्री ने यह बातें मीरजापुर में स्वामी अड़गड़ानंद के दर्शन-पूजन के पश्चात आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, और इसी दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि गीता का संदेश आज भी समाज को सही दिशा देने में सक्षम है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होगी और समाज में नैतिकता को बढ़ावा मिलेगा।















