डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन कृष्णा सिंघानिया की पहल से शिक्षा को मिली नई उड़ान

मिर्जापुर में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी पहल, राउंड टेबल 336 ने 10 कक्षों का निर्माण कर रचा कीर्तिमान

मिर्जापुर। समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय मिर्जापुर राउंड टेबल 336 ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और सराहनीय उपलब्धि हासिल करते हुए सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अब तक कुल 10 कक्षों का निर्माण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

इसी क्रम में दिनांक 22 मार्च 2026 को दो नव-निर्मित कक्षों का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मड़िहान विधायक, नगर विधायक एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी के करकमलों द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर राउंड टेबल 336 के जिला चेयरमैन कृष्णा सिंघानिया के नेतृत्व में आयोजित समारोह में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिसर में उपस्थित छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए संगठन का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में राउंड टेबल इंडिया के राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार के प्रयास समाज को नई दिशा देने के साथ ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।

राउंड टेबल 336 के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन का उद्देश्य केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना भी है। भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं स्थानीय नागरिकों ने राउंड टेबल 336 के इस योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे मिर्जापुर के शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें