
अहरौरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, 40 पेटी शराब बरामद
अहरौरा पुलिस ने अंतर्जनपदीय चोर गैंग का किया पर्दाफाश, मुठभेड़ में दो घायल समेत चार गिरफ्तार, 40 पेटी शराब व नकदी बरामद
मीरजापुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अहरौरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अंतर्जनपदीय चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए मुठभेड़ में दो अभियुक्तों को घायल कर गिरफ्तार किया, जबकि कुल चार अभियुक्तों को दबोच लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से दो चार पहिया वाहन, अवैध तमंचा व कारतूस, 40 पेटी देशी शराब तथा ₹95,300 नकद बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा पुलिस टीम को यह सफलता मिली। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सोनपुर में शराब की दुकान में हुई चोरी का माल कुछ लोग पिकअप और कार से सोनभद्र की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर 25/26 मार्च की रात अहरौरा फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर वनस्थली क्षेत्र की ओर भागने लगा और गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें करन बिन्द (19) निवासी चन्दौली और गंगा राम बिन्द (36) निवासी मीरजापुर के पैर में गोली लगी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
घायल अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखा, पिकअप वाहन, 36 पेटी (1595 पैकेट) देशी शराब और ₹68,100 नकद बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने ग्राम रामपुर ढबही स्थित एक बगीचे से कार सवार आर्यन यादव (19) और रामभरोस साहनी (26) निवासी चन्दौली को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 4 पेटी (180 पैकेट) देशी शराब और ₹27,200 नकद बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्य चोरी से पहले इलाके में रेकी करते थे और खाली घरों व दुकानों को निशाना बनाते थे। घटना के दौरान मोबाइल फोन बंद रखते थे, ताकि ट्रेस न हो सकें। चोरी का सामान मुगलसराय स्थित एक वेयरहाउस में जमा कर बाद में बिहार में बेच दिया जाता था।
इस गैंग के खुलासे से मीरजापुर और सोनभद्र जनपद के कुल सात मुकदमों का अनावरण हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना अहरौरा प्रभारी अजय कुमार मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।















