एपेक्स कॉलेज के द्वितीय बी.एससी. नर्सिंग एवं तृतीय पैरामेडिकल बैच के छात्रों को भावभीनी विदाई

एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स ट्रस्ट नर्सिंग कॉलेज एंड इंस्टिट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंसेस, चुनार में जूनियर छात्रों द्वारा द्वितीय बैच बी.एससी. नर्सिंग एवं तृतीय बैच पैरामेडिकल छात्रों के लिए विदाई समारोह बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री लाल बहादुर सरोज, जिलाध्यक्ष, भाजपा मिर्जापुर, विशिष्ट अतिथि मंजरी राव, उप पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, मिर्जापुर, विशेष अतिथि शिव कुमार सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता, चुनार, एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह, डीन प्रो. सुनील मिस्त्री, नर्सिंग प्रधानाचार्य प्रो. गोपी एस.एस., आयुर्वेद उपप्रधानाचार्य प्रो. डॉ. पी. के. राय, नर्सिंग उपप्रधानाचार्य प्रो. उषा रानी आर. एवं अन्य फैकल्टी सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर विदाई समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथियों ने छात्रों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास और समर्पण के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत-संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने वातावरण को जीवंत बना दिया। वहीं विदाई ले रहे छात्रों के भावुक संस्मरणों ने सभी उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया। एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह ने अपने संबोधन में छात्रों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि संस्थान से प्राप्त ज्ञान एवं संस्कारों को समाज सेवा में लगाते हुए अपने पेशेवर जीवन में उत्कृष्टता हासिल करें। कार्यक्रम का संचालन फ़ैकल्टी ज्योति सिंह, ज्योतिश्री एवं बीएससी नर्सिंग 7th सेमेस्टर व पैरामेडिकल फाइनल ईयर के छात्र-छात्राओ द्वारा किया गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें