
मिर्जापुर मंडल में 1791 स्कूली वाहनों का होगा परिवहन पोर्टल पर पंजीकरण
स्कूली वाहनों का परिवहन पोर्टल पर पंजीकरण कराएं: मण्डलायुक्त
मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए निर्देश, कानून व्यवस्था व विकास योजनाओं की समीक्षा
सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति सुधारने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
मीरजापुर, 30 मार्च 2026। मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश एवं पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास योजनाओं, राजस्व, कानून व्यवस्था, अभियोजन एवं चकबन्दी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मीरजापुर, सोनभद्र व भदोही के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मण्डलायुक्त ने सबसे पहले सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि संभाग के सभी जनपदों में संचालित स्कूली वाहनों का परिवहन विभाग के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने बताया कि मीरजापुर में 773, सोनभद्र में 523 एवं भदोही में 495 स्कूली वाहन चिन्हित किए गए हैं। बिना फिटनेस व परमिट के संचालित वाहनों के संबंध में शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि विद्यालय प्रबंधन के साथ बैठक कर सभी वाहनों को नियमों के अनुरूप कराया जाए।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को निरंतर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। आरटीओ (प्रवर्तन) द्वारा जानकारी दी गई कि मीरजापुर में 49, सोनभद्र में 39 तथा भदोही में 11 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिन पर सुधारात्मक कार्यवाही कराई जा रही है। दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार द्वारा एक सप्ताह तक अधिकतम 1.50 लाख रुपये की निःशुल्क उपचार सुविधा का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
बैठक में हिट एंड रन मामलों में मृतकों के परिजनों को सोलेशियम योजना के तहत 2 लाख रुपये तक की सहायता तथा घायलों की मदद करने वाले व्यक्तियों को 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की जानकारी भी दी गई। पुलिस महानिरीक्षक ने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में पीड़ित परिवारों को योजना का लाभ दिलाने हेतु उन्हें उपजिलाधिकारी स्तर पर आवेदन कराने के लिए प्रेरित किया जाए।

कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने जनपदों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण पर कड़ी निगरानी रखने तथा महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि विवादों का निस्तारण थाना समाधान दिवस एवं सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से समयबद्ध ढंग से कराने को कहा।
राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने, पुराने मामलों को प्राथमिकता देने तथा वसूली के लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। विकास योजनाओं व निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि कार्यों को गुणवत्ता व समयसीमा के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने सी व डी श्रेणी में आने वाले अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगले माह प्रगति में सुधार न होने पर कार्रवाई की जाएगी।















